नयी दिल्ली , मार्च 25 -- लोकसभा की कार्यवाही अब शनिवार 28 मार्च और रविवार 29 मार्च को संचालित नहीं होगी।
संसदीय कार्यमंत्री किरण रिजिजू ने बुधवार को लोकसभा में यह जानकारी देते हुए बताया "आज कार्य मंत्रणा समिति की बैठक हुई उसमें तय हुआ है कि 26 मार्च को संसद में अवकाश रहेगा और 27 मार्च शुक्रवार को संसद में सदस्यों के निजी विधेयक नहीं होंगे और उसे किसी अन्य दिवस को समन्वित किया जाएगा। शुक्रवार को पूरे दिन सरकारी काम काज सदन में होगा।
उन्होंने आगे बताया "पहले निर्णय लिया था कि शनिवार 28 मार्च और रविवार 29 मार्च को सदन की कार्यवाही संचालित होगी और सरकारी कामकाज होगा। अब तय हुआ है कि शनिवार और रविवार को अवकाश ही रहेगा तथा लोकसभा की कार्यवाही संचालित नहीं की जाएगी। इसके बाद जिस तरह से पहले तय किया गया था संसद का संचालन उसी तरह से किया जाएगा।
गौरतलब है कि सरकार ने पहले निर्णय लिया था कि शनिवार और रविवार को सदन की कार्यवाही संचालित की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित