इटावा , जनवरी 25 -- उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने दावा किया है कि प्रयागराज में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद को लेकर चल रहा विवाद शीघ्र ही समाप्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार के भीतर किसी तरह का कोई मतभेद नहीं है और इस मामले को लेकर अनावश्यक भ्रम फैलाया जा रहा है।

रविवार शाम जसवंतनगर में आयोजित जीरामजी चौपाल कार्यक्रम में भाग लेने के बाद पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के बयान को लेकर सरकार में मतभेद की खबरों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के बयानों के बीच किसी भी प्रकार का कोई गतिरोध नहीं है।

पर्यटन मंत्री ने कहा कि शंकराचार्य को लेकर चल रहा विवाद जल्द ही समाप्त हो जाएगा। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को 2017 की तरह ही आगामी चुनावों में भी जनता का समर्थन मिलेगा।

समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए जयवीर सिंह ने कहा कि भले ही सपा सत्ता में आने का दावा कर रही हो, लेकिन वह सत्ता से बहुत दूर है और अब कभी सत्ता में लौटने वाली नहीं है। उन्होंने सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह पूरी पार्टी को सोशल मीडिया पर चलाने में व्यस्त हैं, जबकि भाजपा और सरकार के प्रतिनिधि जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं।

उन्होंने सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव के उस बयान को भी खारिज किया, जिसमें उन्होंने भाजपा मंत्रियों को चोर कहा था। जयवीर सिंह ने कहा कि यह बयान शिवपाल सिंह यादव की सोच और मानसिकता को दर्शाता है।

पर्यटन मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश में एक नई दिशा और नया मिजाज स्थापित कर रहा है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मजबूत नेतृत्व का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर जिले और महानगर में विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।

जी रामजी बिल को लेकर उन्होंने कहा कि पहले मनरेगा के तहत 100 दिन का रोजगार दिया जाता था, जिसे बढ़ाकर 125 दिन कर दिया गया है। साथ ही नई व्यवस्था के तहत रोजगार न मिलने की स्थिति में मजदूरों को वेतन भुगतान की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने कहा कि नई नीति के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी विकास कार्य नजर आएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित