चंडीगढ़ , फरवरी 11 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को, मोहाली में 13 से 15 मार्च 2026 को होने वाले 'प्रगतिशील पंजाब निवेश सम्मेलन' की तैयारियों का जायजा लेते हुए इसे निर्णायक कदम बताया, जो प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएगा।
श्री मान ने कहा कि पंजाब पहले ही वैश्विक स्तर पर निवेश के लिए सबसे पसंदीदा स्थान के रूप में उभर चुका है। यह ऐतिहासिक सम्मेलन औद्योगिक तरक्की को नयी गति देने के लिए प्रदेश की तकदीर रचने में सक्षम मंच प्रदान करेगा।" सामूहिक विचार-विमर्श की आवश्यकता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा, "अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक दिग्गजों के साथ लंबी चर्चा के बाद प्रदेश की इंडस्ट्री के लिए उद्योग-अनुकूल कार्य योजना तैयार करने के लिए आपसी सहमति विकसित की जाएगी।"उन्होंने कहा, "यह सम्मेलन 'पंजाब मीन्ज़ बिजनेस-पॉलिसी टू प्रैक्टिस' (पंजाब मतलब कारोबार - नीति से अमल) के विषय पर आधारित होगा।" उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा पहले ही गुरुग्राम, नयी दिल्ली, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई, मुंबई तथा जापान, दक्षिण कोरिया आदि देशों में रोड शो आयोजित किए जा चुके हैं। इस आयोजन को निवेशकों के लिए बड़ा अवसर करार देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेशक सम्मेलन देश भर में अधिकतम रियायतें पेश करते हुए प्रदेश में निवेश के अवसरों के लिए मंच प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, "राज्य सरकार के प्रयासों से अब तक 1.50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं, जिससे युवाओं के लिए 5.20 लाख नौकरियों के अवसर पैदा होंगे। टाटा स्टील, सनातन टेक्सटाइल जैसी अन्य प्रमुख कंपनियों ने प्रदेश में निवेश करने में रुचि दिखाई है।"मुख्यमंत्री ने कहा , "पंजाब सरकार ने औद्योगिक परियोजनाओं के लिए त्वरित और निर्बाध तरीके से रैगुलेटरी मंजूरियाँ जारी करने को सुनिश्चित बनाने के लिए सेल डीड की रजिस्ट्रेशन में ग्रीन स्टैंप पेपर पेश किया है।" उन्होंने कहा कि पंजाब ही एक ऐसा प्रदेश है जिसके पास स्थानीय उद्योगों की जरूरतों को पूरा करने के लिए अपना उद्योग-अनुकूल माहौल होने के साथ-साथ पूरी तरह सक्षम कुशल स्टाफ उपलब्ध है। बिजली सुरक्षा की महत्ता बताते हुए उन्होंने कहा कि विकास के लिए बिजली सुरक्षा बहुत महत्वपूर्ण है, इसलिए राज्य सरकार पंजाब में अधिक से अधिक बिजली उत्पादन के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित