सरगुजा, दिसम्बर 29 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में व्यवसायी पर हमला कर 20 लाख रुपये नकद लूट की सनसनीखेज वारदात का सरगुजा पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए चंद घंटों के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पूरी 20 लाख रुपये की नगदी राशि तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। इस त्वरित कार्रवाई से आमजन में पुलिस के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है।

एसपी कार्यालय से सोमवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 दिसंबर की रात करीब 9:30 बजे अंबिकापुर निवासी व्यवसायी अनिल अग्रवाल पर सत्तीपारा रोड स्थित कैलाश मोड़ के पास हमला किया गया। वे दुकान से घर लौट रहे थे, तभी घात लगाए बदमाशों ने दीवार के पीछे से निकलकर उनके सिर पर डंडे से जोरदार प्रहार किया। गंभीर रूप से घायल व्यवसायी के हाथ से रुपयों से भरा बैग छीनकर बदमाश अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। घटना की सूचना पर अंकित गोयल ने थाना कोतवाली अंबिकापुर में रिपोर्ट दर्ज कराई।

मामले में अपराध क्रमांक 956/25 के तहत विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली, साइबर सेल और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। शहर के सभी प्रमुख निकास मार्गों पर नाकाबंदी कर सघन वाहन जांच शुरू की गई, वहीं घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध जगदीशपुर क्षेत्र के खेतों में छिपे हुए हैं। घेराबंदी के दौरान आरोपी भागने लगे, इस दौरान उनके पास रखा पैसों से भरा बैग गिर गया, जिसमें 18 लाख रुपये नकद थे, साथ ही सफेद रंग की पल्सर एनएस मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। बाद में लगातार दबिश देकर दोनों फरार आरोपियों दीपक दास और रोहित दास को हिरासत में लिया गया, जिनके पास से शेष 2 लाख रुपये भी बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित