नयी दिल्ली , मई 06 -- लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर चुनावी प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए "वोट चोरी" का आरोप लगाया है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से केंद्र सरकार और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर प्रश्नचिन्ह खड़े किए।
श्री राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि "वोट चोरी से कभी सीटें चुराई जाती हैं, कभी पूरी सरकार।" उन्होंने दावा किया कि लोकसभा में भाजपा के 240 सांसदों में से "लगभग हर छठा सांसद वोट चोरी से जीता है।" उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसे लोगों को क्या भाजपा की भाषा में "घुसपैठिया" कहा जाना चाहिए। हरियाणा का जिक्र करते हुए श्री राहुल गांधी ने कहा, "वहां तो पूरी सरकार ही 'घुसपैठिया' है।"उन्होंने आरोप लगाया कि जो संस्थाओं को अपने नियंत्रण में रखते हैं और मतदाता सूचियों व चुनावी प्रक्रिया में हेरफेर करते हैं, वे खुद "रिमोट कंट्रोल" से संचालित हैं। श्री गांधी ने यह भी कहा कि निष्पक्ष चुनाव होने पर सत्ताधारी दल 140 सीटों के आसपास भी नहीं पहुंच पाएगा।
इस बीच, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर भी सियासत तेज हो गई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत विपक्ष के कई बड़े नेताओं ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित