समस्तीपुर, मई 03 -- िहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) एवं कांग्रेस पर वोट की खातिर मुसलमानों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए रविवार को कहा कि विपक्षी दलों ने इस समाज का हमेशा भावनात्मक शोषण किया है। श्री चौधरी ने आज समस्तीपुर शहर के लोहिया आश्रम में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की ओर से आयोजित सम्मान समारोह के अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी स्पष्ट रुप से कहा है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)सरकार की सांप्रदायिकता के मामले में जो जीरो टॉलरेंस की नीति है,उसी का पालन किया जायेगा। उन्होंने मुस्लिम समाज के लोगों से किसी के बहकावे में नहीं आने की अपील की।

श्री चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली राजग सरकार अपराध, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिक मुद्वो पर किसी भी हालत में कोई समझौता नहीं करेगी।

उप मुख्यमंत्री ने दावा किया कि बंगाल चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इतिहास रचेगी और बहुमत के साथ सरकार बनायेगी।

इस कार्यक्रम में समस्तीपुर की सांसद शाम्भवी चौधरी, भाजपा के विधान पार्षद तरूण कुमार, भाजपा विधायक बीरेंद्र कुमार, जदयू की विधायक अश्वमेध देवी एवं राजकुमार राय और जदयू जिलाध्यक्ष दूर्गेश राय समेत अन्य नेता उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित