मुंबई , दिसंबर 26 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मीडिया सेल प्रमुख नवनाथ बान ने शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे की आलोचना करते हुए कहा कि हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे हिंदुत्व की पुरजोर वकालत करते थे, लेकिन उनके सुपुत्र पूरे महाराष्ट्र में अजान और नमाज पाठ प्रतियोगिताएं आयोजित करवा रहे हैं। वह मुंबई में मराठी भवन के साथ-साथ उर्दू भवन बनाने का प्रस्ताव दे रहे हैं और राशिद मामू को पार्टी में शामिल कर रहे हैं।
श्री बान ने कहा कि वोटों के लिए उद्धव ठाकरे और संजय राउत ने बहुत लाचारी दिखाई है और अब उन्हें हिंदुत्व के बारे में सीना ठोकना बंद कर देना चाहिए। उन्होंने श्री राउत के हिंदुत्व पर हमला करते हुए पूछा कि मराठी लोगों पर बेरहमी से हमला करना, खिचड़ी घोटाले जैसे कई घोटालों को अंजाम देना और पात्रा चॉल घोटाले के जरिए मराठी परिवारों को दर-बदर करना क्या कभी हिंदुत्व कहा जा सकता है।
श्री बान ने कहा कि सभी ने भाजपा का हिंदुत्व देखा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हिंदुत्व के साथ-साथ विकास की दोहरी नीति पर काम किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राम मंदिर बनाया गया और अनुच्छेद 370 हटाया गया। श्री बान ने कहा कि आम नागरिक इस बात से अवगत है कि हिंदुत्व की रक्षा कौन कर रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित