नयी दिल्ली , मार्च 26 -- रेल मंंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेल पटरियों पार करते समय होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए अधिकारियों को युद्ध स्तर पर काम करने का निर्देश दिया है।
श्री वैष्णव ने गुरुवार को यहां संबंधित अधिकारियों की कार्यशाला के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जहां रेल पटरी के एक तरफ बस्ती है और दूसरी तरफ़ खेत, विद्यालय, श्मशान या अन्य उपयोगी तथा महत्वपूर्ण स्थान, ऐसे स्थानों पर पुल बनाये जायें। उन्होंने अधिकारियों को देशभर में ऐसी रेल-पुलों का निर्माण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि रोजमर्रा के कामकाज को लेकर पटरियों को पार करते समय होने वाली दुर्घटनाएं चिंताजनक है।
रेल मंत्री ने अधिकारियों को ऐसी सुविधाजनक पुल बनाने को निर्देश दिया, जिससे रेल पटरियों पार करते समय होने वाली दुर्घटनाएं न हो और लोगों के लिए एक जीवनदायिनी विकल्प के रूप में उभरे।
उन्होंने कहा कि पुल के निर्माण के समय इस बात का ध्यान रखा जाए कि एक आम आदमी साइकिल, मोटर साइकिल तथा कामकाज से जुड़ी अन्य चीजों को भी अपने साथ ले जा सके। इससे देशभर में पटरी पार करते समय होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगेगी और एक बड़ी आबादी के लिए वरदान साबित होगी।
श्री वैष्णव ने अधिकारियों को अगले पांच से छह साल में देश को इस समस्या से निजात दिलाने के लिए काम करने का निर्देश दिया।
रेलवे ने बताया कि रेल-पुल बनाने का यह निर्णय पिछले कई दिनों से अधिकारियों के साथ चली आ रही मंत्रणा के बाद लिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित