चंडीगढ़ , मार्च 29 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वैश्विक संकट के समय भी विपक्षी दल राजनीति कर रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने मध्य पूर्व में जारी तनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे समय में देश को एकजुट होकर चुनौतियों का सामना करना चाहिए।

ईंधन की बढ़ती कीमतों पर उन्होंने कहा कि यह वैश्विक प्रभाव है, लेकिन केंद्र सरकार समय-समय पर उत्पाद शुल्क में कटौती कर लोगों को राहत देती है।

गोहाना में 'धन्यवाद एवं विकास रैली' को संबोधित करते हुए सैनी ने लोगों से अफवाहों से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हरियाणा में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और सभी पेट्रोल पंपों व गैस एजेंसियों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।

उन्होंने कहा कि सरकार आपूर्ति बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी कर रही है। साथ ही कालाबाजारी या जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

कोविड-19 काल को याद करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संकट के समय मजबूत नेतृत्व दिया और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित