पटना, मार्च 13 -- हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने शुक्रवार को कहा कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बावजूद भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमतें अभी भी स्थिर हैं, जो केंद्र सरकार की दूरदर्शी नीतियों और प्रभावी प्रबंधन का परिणाम है।

डॉ. सुमन ने आज बयान जारी कर कहा कि दुनिया के कई विकसित देशों में पेट्रोलियम उत्पादों के दाम 05 से 20 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं, जबकि भारत में आम जनता पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ा है। उन्होंने कहा कि देश में पेट्रोलियम और रसोई गैस की आपूर्ति भी सामान्य है और किसी प्रकार का संकट नहीं है। जो भी छोटी-मोटी परेशानियाँ दिखाई दे रही हैं, वे केवल अफवाहों और अनावश्यक पैनिक के कारण पैदा हो रही हैं।

मंत्री ने कहा कि वैश्विक संकट के समय विपक्ष की भूमिका बेहद जिम्मेदार होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में विपक्ष को अफवाह फैलाने या राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करने के बजाय सरकार के साथ मिलकर देशहित में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य से कुछ विपक्षी दल ऐसे संवेदनशील समय में भी सस्ती राजनीति करने से बाज नहीं आ रहे हैं, जो बेहद शर्मनाक है।

डॉ. सुमन ने कहा कि देश ने ऐसे दौर भी देखे हैं जब पूर्ववर्ती सरकारों के समय वैश्विक संकट का प्रभाव सीधे आम जनता पर पड़ा। 1990 के दशक में खाड़ी युद्ध के दौरान तेल की कीमतों में भारी उछाल आया और भारत को गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ा। उसी तरह 2012-13 के दौर में भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हुई और आम जनता पर बोझ बढ़ता गया।

श्री सुमन ने कहा कि इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। रणनीतिक तेल भंडार, विविध स्रोतों से कच्चे तेल की आपूर्ति और मजबूत कूटनीतिक प्रयासों के कारण आज भारत किसी भी वैश्विक संकट से निपटने के लिए पहले से अधिक तैयार है।

मंत्री ने कहा कि देश की जनता को घबराने की बिल्कुल आवश्यकता नहीं है। केंद्र सरकार हर स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और पूरी तरह से मुस्तैद है। भारत आज मजबूत नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है और देश सुरक्षित हाथों में है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित