मुंबई , जनवरी 19 -- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विभिन्न यूरोपीय देशों के माल पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त आयात शुल्क लगाने की घोषणा से घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को चौतरफा बिकवाली देखी गयी।

बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 324.17 अंक (0.39 प्रतिशत) लुढ़ककर 83,246.18 अंक पर बंद हुआ जो 07 नवंबर 2025 के बाद का इसका निचला स्तर है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 108.85 अंक यानी 0.42 प्रतिशत टूटकर 10 नवंबर 2025 के बाद के निचले स्तर 25,585.50 अंक पर आ गया।

बाजार में आज काफी उतार-चढ़ाव रहा। एक समय सेंसेक्स 672 अंक गिर गया था, लेकिन बाद में इसकी गिरावट कुछ कम हुई।

चौतरफा बिकवाली के बीच मझौली और छोटी कंपनियों के सूचकांक भी लाल निशान में रहे। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.25 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.99 प्रतिशत टूट गया।

तेल एवं गैस, रियलटी, मीडिया, रसायन, स्वास्थ्य और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों में ज्यादा गिरावट रही। वहीं, एफएमसीजी और ऑटो सेक्टरों के सूचकांक हरे निशान में रहे।

एनएसई में जिन 3,294 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,316 के सूचकांक गिरावट में और 871 के बढ़त में रहे। अन्य 107 कंपनियों के शेयर दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद अंततः अपरिवर्तित रहे।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 14 के शेयर लाल निशान में और 16 के हरे निशान में रहे। रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 3.04 प्रतिशत टूट गया। आईसीआईसीआई बैंक में 2.26 प्रतिशत, इटरनल में 2.19, टीसीएस में 1.36, अडानी पोर्ट्स में 1.34, और टाइटन में 1.31 प्रतिशत की गिरावट रही। एनटीपीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट, इंफोसिस, भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक और भारती एयरटेल के शेयर भी लाल निशान में बंद हुए।

विमान सेवा कंपनी इंडिगो पर नागर विमानन महानिदेशालय द्वारा अपेक्षाकृत नरम कार्रवाई के बाद कंपनी के शेयर में 4.30 प्रतिशत का उछाल आया। टेक महिंद्रा का 2.85 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनीलिवर का 2.27, बजाज फाइनेंस का 2.18, मारुति सुजुकी का 2.04 और कोटक महिंद्रा बैंक का 2.02 प्रतिशत चढ़ा।

ट्रेंट में 1.16 प्रतिशत, आईटीसी में 1.11, एचसीएल टेक्नोलॉजीज का 1.02 और एक्सिस बैंक का एक प्रतिशत मजबूत हुआ। बजाज फिनसर्व, बीईएल और एलएंडटी के शेयर भी हरे निशान में रहे।

वैश्विक स्तर पर एशिया में हांगकांग का हैंगसेंग 1.05 प्रतिशत और जापान का निक्केई 0.65 प्रतिशत टूट गया। चीन के शंघाई कंपोजिट में 0.29 फीसदी की तेजी रही। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 1.42 फीसदी और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.57 प्रतिशत नीचे था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित