मुंबई , अप्रैल 26 -- घरेलू शेयर बाजारों में पिछले सप्ताह रही गिरावट के बाद आने वाले सप्ताह में निवेशकों की नजर वैश्विक कारकों पर रहेगी।
अमेरिका-ईरान शांति वार्ता के साथ ही होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर जारी गतिरोध पर निवेशक नजदीकी नजर रख रहे हैं। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की 28 और 29 अप्रैल को होने वाली बैठक का असर भी पूरी दुनिया के शेयर बाजारों पर पड़ेगा।
घरेलू स्तर पर औद्योगिक उत्पादन के आंकड़े भी आने वाले सप्ताह में जारी होने हैं। साथ ही कंपनियों के तिमाही परिणाम बाजार को प्रभावित करना जारी रखेंगे।
बीते सप्ताह पहले दो दिन बाजार में तेजी रही, लेकिन अगले तीन दिन बिकवाली हावी रही। बीएसई का सेंसेक्स 1,829 अंक (2.33 प्रतिशत) की साप्ताहिक गिरावट में 76,664.21 अंक पर बंद हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित