पटना , दिसंबर 18 -- बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की ओर से वनों के क्षेत्र पदाधिकारी के 24 रिक्त पदों पर नियुक्ति से संबंधित शारीरिक समर्थता परीक्षण गुरुवार को राजधानी पटना स्थित संजय गांधी जैविक उद्यान परिसर में शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुआ।

इस परीक्षण के लिये कुल 136 अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया गया था, जिनमें से 135 अभ्यर्थी शारीरिक परीक्षा में शामिल हुये। लिखित परीक्षा और साक्षात्कार में सफल एक पुरुष अभ्यर्थी शारीरिक परीक्षण में उपस्थित नहीं हो सका। आयोग के अनुसार पूरी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई गई।

शारीरिक समर्थता परीक्षण के साथ ही सभी उपस्थित पात्र अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता और अन्य अभिलेखों का सत्यापन भी किया गया। इसमें पात्र पाये गये अभ्यर्थियों को उसी दिन इसकी सूचना दे दी गई।

आयोग ने बताया कि शारीरिक परीक्षण एवं अभिलेख सत्यापन में सफल अभ्यर्थियों का चिकित्सीय परीक्षण अगले माह नये वर्ष में दो, तीन और पांच जनवरी को पटना में आयोजित किया जायेगा। इस भर्ती प्रक्रिया का अंतिम परिणाम जनवरी माह में प्रकाशित किये जाने की संभावना है।

उल्लेखनीय है कि इस नियुक्ति प्रक्रिया का विज्ञापन इस साल अप्रैल माह में प्रकाशित किया गया था। लिखित प्रतियोगिता परीक्षा 24 अगस्त को आयोजित हुई थी, जिसका परिणाम 23 सितंबर को जारी किया गया। लिखित परीक्षा में सफल कुल 144 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 19, 20 और 21 नवंबर को आयोजित किया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित