लखनऊ , फरवरी 04 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री अयोध्या धाम में माता सीता के जीवन चरित्र पर आधारित 'वैदेही आर्ट गैलरी' की स्थापना के निर्देश दिए हैं। यह गैलरी अयोध्या में वशिष्ठ भवन परिसर में विकसित की जाएगी।
बुधवार को आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि माता सीता भारतीय संस्कृति, मर्यादा और नैतिक मूल्यों की अनुपम प्रेरणा हैं। उनके दिव्य और तेजस्वी चरित्र से नई पीढ़ी को गहराई से परिचित कराना आज की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने 'वैदेही आर्ट गैलरी' की अवधारणा साझा करते हुए कहा कि यह केवल एक कला संग्रहालय नहीं, बल्कि एक जीवंत सांस्कृतिक अनुभव स्थल होना चाहिए। आधुनिक तकनीक के माध्यम से माता सीता के जीवन, त्याग, करुणा, गरिमा, धैर्य और शक्ति का आधुनिक दृष्टिकोण से प्रस्तुतीकरण किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि गैलरी की संकल्पना, कथा-वस्तु, डिजाइन, दृश्य भाषा, कला और तकनीक-सभी आयाम इस भाव को प्रतिबिंबित करें कि एक दिव्य विरासत को नई पीढ़ी के समक्ष प्रेरणास्रोत के रूप में पुनर्प्रस्तुत किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 'वैदेही आर्ट गैलरी' का मूल भाव ऐसा हो कि आगंतुक केवल माता सीता के जीवन संदेश को देखें ही नहीं, बल्कि उसे अनुभव करें, समझें और आत्मसात करें।
अयोध्या विकास प्राधिकरण के साथ संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के निकट वशिष्ठ भवन परिसर में विकसित किया जा सकता है, जहां प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं।
उन्होंने कहा कि यह गैलरी अयोध्या को वैश्विक सांस्कृतिक नगरी के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव सिद्ध होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित