बुलावायो , फरवरी 01 -- वेदांत त्रिवेदी (68) की अर्धशतकीय पारी और निचलेक्रम के बल्लेबाजों की जुझारू पारियों के दम पर भारत ने अंडर-19 विश्वकप के 36वें मुकाबले में पाकिस्तान को जीत के लिए 253 रनों का लक्ष्य दिया। पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए 33.3 ओवर में यह लक्ष्य हासिल करना होगा, तभी वह नेट रनरेट में भारत से आगे निकल पायेगा।
आज यहां पाकिस्तान की अंडर-19 टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने उतरी ऐरन जॉर्ज और वैभव सूर्यवंशी की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 47 रन जोड़े। आठवें ओवर में मोहम्मद सय्याम ने वैभव सूर्यवंशी को आउटकर पाकिस्तान को पहली सफलता दिलाई। वैभव सूर्यवंशी ने 22 गेंदों में पांच चौके और एक छक्का उड़ाते हुए 30 रनों की पारी खेली। सय्याम ने इस ओवर में कप्तान आयुष म्हात्रे (शून्य) का भी शिकार कर लिया। अगले ही ओवर की पहली गेंद पर अब्दुल सुभान ने ऐरन जॉर्ज (16) को आउटकर भारत को संकट में डाल दिया। 47 के स्कोर पर एक साथ तीन विकेट गंवाने के बाद संकट में फंसी भारतीय टीम को वेदांत त्रिवेदी और विहान मल्होत्रा की जोड़ी ने संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट लिए 62 रन जोड़े। 24वें ओवर में अहमद हुसैन ने विहान मल्होत्रा (21) को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा।
इसके बाद अभिज्ञान कुंडु (16) रन बनाकर आउट हुये। 41वें ओवर में मोमिन कमर ने वेदांत त्रिवेदी को आउटकर भारत को छठा झटका दिया। वेदांत त्रिवेदी ने 98 गेंदों में दो चौके और एक छक्का उड़ाते हुए 68 रन बनाये। सातवें विकेट के रूप में अमब्रिश 29 रन बनाकर आउट हुये। कनिष्क चौहान और खिलन पटेल के बीच आठवें विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी ने भारत को 250 के पार पहुंचाया। कनिष्क चौहान ने 29 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 35 रन और खिलन पटेल ने 15 गेंदों में दो चौकों और एक छ्क्के की मदद से 21 रन बनाये। भारत ने आखिरी ओवर में तीन विकेट गंवाये और उसकी पारी 252 रन पर सिमट गई।
सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए पाकिस्तान को नेट रन रेट में भारत से आगे निकलने के लिए 33.3 ओवर में यह मुकाबला जीतना होगा। अन्यथा भारत अपने 3.337 नेट रन रेट की बदौलत यह मैच हारने के बावजूद सेमीफाइनल में प्रवेश कर जायेगा। पाकिस्तान का मौजूदा रन रेट 1.484 है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित