भरतपुर , दिसम्बर 20 -- राजस्थान में भरतपुर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में रीको स्थित आईटीआई कॉलेज के पास शुक्रवार को देर रात असामाजिक तत्वों ने एक बेसहारा बुजुर्ग महिला के चाय के खोके को आग लगाकर खाक कर दिया।

शनिवार सुबह जब भवनपुरा गांव की निवासी वृद्धा गेंदों चाय की स्टॉल खोलने पहुंची तो अपने चाय के स्टाल की जगह राख का ढेर देखकर फूट-फूट कर रोने लगी। महिला को रोता देख राहगीरों एवं आसपास के लोगों ने महिला को ढांढस देते हुए आपस मे पैसे इकट्ठे करके उसकी आर्थिक रूप से मदद करने के साथ एक नया चाय का खोका बनाकर देने का आश्वासन दिया।

महिला को करीब 15 हजार का नुकसान हुआ है। मामले को लेकर पुलिस सूत्रों का कहना है कि महिला की स्टॉल को किसने आग लगायी, अब तक यह साफ नहीं हो पाया है, लेकिन मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित