मथुरा , फरवरी 17 -- क्रिकेटर विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने वृंदावन पहुंचकर संत स्वामी प्रेमानंद महाराज के दरबार में हाजिरी लगाई। बताया जाता है कि विदेश यात्रा से लौटने के बाद यह दंपति दिल्ली से सीधे वृंदावन पहुंचा और अलसुबह श्री हित राधा केली कुंज में सत्संग में शामिल हुआ। पिछले एक वर्ष में दोनों कई बार ब्रज आकर आशीर्वाद ले चुके हैं।

इस बार दोनों किसी विशेष प्रोटोकॉल के तहत नहीं बल्कि सामान्य श्रद्धालुओं की तरह सत्संग में शामिल हुए। वे सैकड़ों भक्तों के बीच जमीन पर दरी पर बैठकर करीब एक घंटे तक प्रवचन सुनते रहे। दोनों के माथे पर चंदन, गले में तुलसी की माला और हाथ में नाम-जप काउंटर दिखाई दिया। पूरे समय वे शांत भाव से हाथ जोड़कर प्रवचन सुनते रहे।

मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं के अनुसार, दोनों ने किसी प्रकार की निजी मुलाकात या विशेष व्यवस्था की मांग नहीं की। उनकी सादगी और विनम्रता की चर्चा सोशल मीडिया पर भी हो रही है। प्रशंसकों ने इसे उनकी आस्था और आध्यात्मिक झुकाव से जोड़कर देखा है।

उल्लेखनीय है कि यह दंपति पूर्व में भी उत्तराखंड स्थित कैंची धाम में दर्शन कर चुका है। वृंदावन प्रवास के दौरान उन्होंने भगवान बांके बिहारी के दर्शन भी किए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित