समस्तीपुर , फरवरी 10 -- बिहार में समस्तीपुर जिले में केंद्र प्रायोजित योजना विकसित भारत: रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) ( वीबी-जी राम जी) के व्यापक प्रचार के लिये जिला प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया गया है।

उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह ने आज यहां बताया कि वीबी-जी राम जी की प्रमुख विशेषताओं को आमजनों तक पहुंचाने के लिए एक रोडमैप तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के लिये जिले मे कार्यरत सभी प्रखंड के कार्यक्रम पदाधिकारी(मनरेगा), प्रखंड विकास पदाधिकारी, जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका, जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला पंचायत राज पदाधिकारी को नामित किया गया है। साथ ही प्रचार-प्रसार के लिये प्रखंड स्तर पर मनरेगा के कार्यक्रम पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।

श्री सिंह ने बताया कि इस योजना के तहत जल-सुरक्षा, मुख्य ग्रामीण इंफास्ट्रक्चर, आजीविका से जुड़े इंफास्ट्रक्चर और क्लाईमेट रेजिलिएंस पर जोर देना है जिससे अधिक से अधिक रोजगार की सामूहिक प्रतिबद्धता एवं पंचायतों को सक्षम बनाया जा सके।उन्होंने बताया कि इस योजना मे मजदूरी करने वाले प्रत्येक जॉब कार्डधारी परिवार को एक सौ दिन के बदले अब 125 दिन कार्य दिये जायेंगे। उन्होंने बताया कि यदि अधिकार के अनुसार काम नही मिलता है तो बेरोजगारी भत्ते का भी इस योजना मे प्रावधान किया गया है।

उप विकास आयुक्त ने बताया कि केन्द्र प्रायोजित इस योजना मे केन्द्र का 60 प्रतिशत और राज्य का हिस्सा 40 प्रतिशत होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित