नयी दिल्ली , मार्च 11 -- विश्व हिंदू परिषद (विहिप) सभी सांसदों से मुलाकात करने के लिये 27 मार्च तक सांसद संपर्क अभियान चलायेगी।

विहिप के केंद्रीय महामंत्री बजरंग लाल बागड़ा ने बुधवार को संवाददाता सम्मेलन में दी। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत संगठन दोनों सदनों के सभी सांसदों से मिलकर तीन प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की जायेगी। यह विशेष अभियान नौ मार्च से शुरू हुआ है। आमतौर पर यह अभियान शीतकालीन सत्र के दौरान होता है, लेकिन इस बार सत्र की अवधि कम होने के कारण इसे बजट सत्र में आयोजित किया जा रहा है।

श्री बागड़ा ने कहा कि सांसदों के साथ चर्चा के दौरान जनसंख्या असंतुलन, तीर्थ क्षेत्रों के विकास और संविधान के अनुच्छेद 29 और 30 को सभी नागरिकों के लिए समान रूप से लागू करने जैसे विषयों पर बातचीत की जाएगी। देश में जनसंख्या असंतुलन पर व्यापक राष्ट्रीय स्तर पर विचार करने की जरूरत है और इसके लिए प्रभावी जनसंख्या नीति बनाई जानी चाहिए। इसके साथ ही तीर्थ स्थलों के विकास पर भी जोर दिया जाएगा ताकि वे देश की अर्थव्यवस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक पहचान को मजबूत कर सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित