अलवर , अप्रैल 06 -- राजस्थान में खैरथल जिले के तिजारा थाना क्षेत्र में सलारपुर गांव में एक विवाहिता की विषाक्त पदार्थ के सेवन से मौत हो गयी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार झिरका फिरोजपुर निवासी सुकनत (23) और उसकी बहन नुसरत का विवाह तिजारा के सलारपुर गांव में हुआ था। बताया जा रहा है कि सुकनत का पति साबिर अक्सर उसके साथ मारपीट करता था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहती थी।

घटना सोमवार दोपहर की बताई जा रही है। पति की कथित प्रताड़ना से तंग आकर सुकनत ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे तिजारा अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत में अलवर भेज दिया गया । अलवर में इलाज के दौरान उसकी आज मौत हो गयी।

उधर, उसके पति साबिर ने कहा कि मारपीट की बात सही है, लेकिन जहर सुकनत ने अपने पीहर झिरका फिरोजपुर में खाया था और वह घर से खुशी-खुशी गयी थी।

पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित