जयपुर , अप्रैल 17 -- विश्व बैंक बोर्ड ने राजस्थान राजमार्ग आधुनिकीकरण परियोजना (आरएचएमपी) में प्रदेश के 14 राजमार्गों के उन्नयन के लिए 2025 करोड़ रुपए की ऋण की मंजूरी दे दी है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इस आरएचएमपी के सम्बंध में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शुक्रवार को शासन सचिवालय में उच्च स्तरीय समीक्षा की। यह परियोजना राज्य के राजमार्ग अवसंरचना, सड़क सुरक्षा एवं परिवहन प्रणाली को आधुनिक एवं सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

परियोजना के तहत 14 राजमार्गों का उन्नयन (लगभग 926 किमी) किया जाएगा, जिनमें पांच परियोजनाएं ईपीसी मोड तथा नौ परियोजनाएँ एचएएम मोड पर विकसित होंगी। परियोजना में इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट सिस्टम (आईटीएस) लागू किया जाएगा, जिससे रीयल-टाइम मॉनिटरिंग, बेहतर प्रवर्तन और सड़क सुरक्षा में सुधार होगा।

गौरतलब है कि हाल में विश्व बैंक बोर्ड ने आरएचएमपी के तहत इन सड़क मार्ग परियोजनाओं के उन्नयन के लिए 2025 करोड़ रू. के लोन की स्वीकृति जारी की है और जल्द ही विश्व बैंक, भारत सरकार के आर्थिक मामलात विभाग, राजस्थान सरकार के परिवहन एवं सड़क सुरक्षा तथा राजस्थान राज्य राजमार्ग प्राधिकरण के मध्य त्रिपक्षीय अनुबंध पर हस्ताक्षर होगें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित