कोटा , दिसम्बर 30 -- राजस्थान में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम-2026 के तहत वर्तमान में दावे एवं आपत्तियां प्राप्त किए जाने की अवधि के दौरान किए जा रहे कार्यों की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक में संभागीय आयुक्त अनिल अग्रवाल ने बताया कि आयोग द्वारा प्रसारित कार्यक्रम के अनुसार 16 दिसंबर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस अवधि में प्रारूप मतदाता सूची में सम्मिलित मतदाताओं के संबंध में अथवा अन्यथा भी मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकती हैं।

उन्होंने बताया कि संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा दावे एवं आपत्तियों के लिये प्राप्त आवेदन पत्रों की सूचियां फॉर्म 9, 10, 11, 11ए एवं 11बी में तैयार की जाएंगी और ऐसी सूचियों की एक प्रति प्रत्येक कार्यदिवस को कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की जाएगी। संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी प्रति सप्ताह प्राप्त होने वाले दावे एवं आपत्तियों की सूचियां मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ साझा करेंगे।

श्री अग्रवाल ने बताया कि 15 दिन की अवधि में प्रथम अपील अधिकारी ''जिला मजिस्ट्रेट'' के समक्ष अपील की जा सकेगी और प्रथम अपील अधिकारी के निर्णय से असंतुष्ट होने की स्थिति में अगले 30 दिन के भीतर द्वितीय अपील अधिकारी ''मुख्य निर्वाचन अधिकारी'' के समक्ष द्वितीय अपील प्रस्तुत की जा सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित