मुजफ्फरपुर , जनवरी 23 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में प्रखंड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को विशिष्ट चिकित्सा केंद्र तथा जिला अस्पतालों को अति विशिष्ट चिकित्सा केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने समृद्धि यात्रा के क्रम में आज मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति में विकास कार्यों की समीक्षात्मक बैठक में कहा कि बिहार को सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने के लिये सात निश्चय-3 कार्यक्रमों को लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-3 के प्रमुख उद्देश्यों में एक उद्देश्य 'सुलभस्वास्थ्य- सुरक्षित जीवन है। इसके तहत राज्य में प्रखंड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को विशिष्ट चिकित्सा केंद्र के रूप में तथा जिला अस्पतालों को अति विशिष्ट चिकित्सा केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

श्री कुमार ने कहा कि राज्य के नए मेडिकल कॉलेजों एवं अस्पतालों में बेहतर पढ़ाई एवं इलाज के लिए लोक-निजी भागीदारी को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के लिए चिकित्सकों को अलग से प्रोत्साहन की व्यवस्था की जा रही है।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रगति यात्रा से संबंधित जिन योजनाओं की स्वीकृति दी गई है, उनका क्रियान्वयन तेजी से करें। उन्होंने निर्देश दिया कि सात निश्चय-2 के तहत जो योजनाएं चलाई जा रही हैं उनका बेहतर ढंग से क्रियान्वयन करें। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-3 के तहत जो योजनाएं निर्धारित की गई हैं उस पर बेहतर ढंग से कार्य शुरू करें। अधिकारी पूरी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ योजनाओं को तेजी से क्रियान्वित कर पूर्ण करें।

श्री कुमार ने समीक्षा बैठक के क्रम में प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। समीक्षा बैठक के दौरान मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी सुव्रत कुमार सेन ने प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं, सात निश्चय-2 की योजनाओं तथा सात निश्चय-3 की योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में प्रस्तुतीकरण के से मुख्यमंत्री श्री कुमार को विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने जिले में किए जा रहे अन्य माध्यम विकास कार्यों भी जानकारी दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित