भिण्ड , फरवरी 15 -- मध्यप्रदेश के चंबल संभाग अंतर्गत भिण्ड जिले में महाशिवरात्रि के अवसर पर शिवभक्ति का उत्साह चरम पर है। लगभग पांच लाख रुपये की लागत से तैयार की गई विशाल कांवर आज अटेर क्षेत्र के अर्जुनपुर गांव स्थित चंबल घाट के महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए पहुंचेगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अटेर क्षेत्र के कच्छपुरा, बजरिया और अर्जुनपुर गांवों के ग्रामीणों ने सामूहिक सहयोग से एक लाख पांच हजार पला की विशाल कांवर तैयार की है। कांवरिया भारत सिंह गुर्जर ने बताया कि कांवर निर्माण में लगभग पांच लाख रुपये व्यय हुए हैं, जबकि यात्रा एवं अन्य व्यवस्थाओं सहित कुल खर्च करीब सात लाख रुपये तक पहुंचा है।
उन्होंने बताया कि 80 से अधिक युवाओं की टीम उत्तर प्रदेश के सोरों तीर्थ से पवित्र गंगाजल लेकर लौटी है। कांवर अत्यधिक भारी होने के कारण इसे खींचने के लिए एक समय में 24 लोगों की टीम लगती है तथा प्रत्येक एक किलोमीटर पर टीम बदली जाती है। भजन-कीर्तन और ढोल-नगाड़ों के बीच यह कांवर महाशिवरात्रि की सुबह महादेव मंदिर में विधिवत जलाभिषेक के लिए पहुंचाई जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित