मुरैना , फरवरी 11 -- मध्यप्रदेश के मुरैना शहर में विवाह के दौरान बारात चढ़ाई पर बाइक सवार दो अज्ञात बदमाश दूल्हे के बड़े भाई से नगदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना बीती रात की है। शहर के इस्लामपुरा निवासी रामसेवक राठौर के छोटे भाई की शादी थी और बारात कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित श्रीराम मैरिज गार्डन पहुंच रही थी।
विवाह के चढ़ाई कार्यक्रम के दौरान दूल्हे के पीछे चल रहे रामसेवक राठौर के पास एक बैग था, जिसमें करीब चार लाख दो हजार रुपये नकद और एक मंगलसूत्र रखा था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो बदमाश अचानक पहुंचे और रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। घटना से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई।
वही पुलिस बदमाशों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बताया गया है कि शादी समारोह की फोटो और वीडियो बना रहे ड्रोन कैमरे में संदिग्धों की गतिविधियां आंशिक रूप से कैद हुई हैं, हालांकि उनके चेहरे स्पष्ट नहीं दिख रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की जल्द पहचान कर लूट की वारदात का खुलासा किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित