अलवर , जनवरी 20 -- राजस्थान में अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में चिमरवाड़ा गांव में सोमवार शाम को शौच के लिए घर से निकली एक युवती का अज्ञात जीप सवार युवकों ने अपहरण कर लिया।
बताया जा रहा है कि युवती ने करीब छह महीने पहले अपने प्रेमी के साथ प्रेम विवाह किया था और वह उसी के साथ रह रही थी।
पुलिस सू्त्रों ने मंगलवार को बताया कि घटना के बाद युवती के पति ने गोविंदगढ़ थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है। साथ ही अपहरण की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को भी दी गयी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आयी और संभावित मार्गों पर नाकाबंदी करके युवती की तलाश शुरू कर दी गयी है।
पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और थार वाहन की पहचान के प्रयास किये जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित