भीलवाड़ा , दिसम्बर 20 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के शाहपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने 800 बीघा में फैले बोरड़ा बावरियान के पिला मंगरा जंगल में अवैध रूप से विलायती बबूल के पेड़ों की कटाई कराने वाले इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि इस मामले में फरार इनामी आरोपी पीर मोहम्मद को केरल राज्य की राजधानी तिरुवनन्तपुरम से गिरफ्तार किया गया है। उस पर जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
उन्होंने बताया कि गत 20 नवम्बर को सहायक वनपाल आबिद खां कायमखानी ने शिकायत दर्ज कराई कि ग्राम पंचायत बोरड़ा बावरियान के घास बीड़ पिला मगरा क्षेत्र में जेसीबी मशीनों से अवैध रूप से विलायती बबूल के पेड़ों को ठूंठ सहित उखाड़ लिये गया है। इस सूचना पर वन विभाग का स्टाफ मौके पर पहुंचा और करीब 15 जेसीबी मशीनों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपियों ने जबरन झगड़ा और मारपीट करते हुए जेसीबी मशीनों को मौके से भगा लिया। आरोपियों द्वारा स्टाफ के साथ धक्का-मुक्की करके फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि पुलिस दल ने जांच के बाद आरोपी की पहचान पीर मोहम्मद बैरवा मोहल्ला खातनखेड़ी के रूप में की। बाद में पुलिस ने पीर मोहम्मद की तलाश करते हुए उसे केरल के तिरुवनन्तपुरम में पकड़ लिया। उससे अवैध कटाई शामिल अन्य आरोपियों के बारेमें पूछताछ की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित