बैतूल , अप्रैल 10 -- बैतूल के पुलिस ग्राउंड में चार दिवसीय विराट भक्ति सत्संग महोत्सव का आज भव्य शुभारंभ हुआ। विश्व जागृति मिशन के परमाध्यक्ष सुधांशु जी महाराज ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा उन्हें राज्य अतिथि के रूप में सम्मानपूर्वक स्वागत दिया गया।
उद्घाटन अवसर पर केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गा दास उईके तथा आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य यजमान अशोक हिरानी द्वारा व्यास पूजन संपन्न कराया गया। आयोजन समिति के प्रधान डॉ. विनय चौहान सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
अपने प्रवचन में सुधांशु जी महाराज ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता जीवन को दिशा देने वाली संजीवनी है, जो मनुष्य को आत्मिक उन्नति का मार्ग दिखाती है। उन्होंने कहा कि धर्म की स्थापना और अधर्म का विनाश ही जीवन का मूल उद्देश्य होना चाहिए तथा प्रत्येक व्यक्ति को सनातन संस्कृति पर गर्व करना चाहिए।
उन्होंने मृत्यु को जीवन की स्वाभाविक अवस्था बताते हुए कहा कि इससे भयभीत होने के बजाय मनुष्य को आध्यात्मिक साधना पर ध्यान देना चाहिए। श्रद्धालुओं को भाव और भक्ति के माध्यम से परमात्मा तक पहुंचने का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि सच्चे मन से प्रेम और समर्पण ही ईश्वर प्राप्ति का सरल मार्ग है।
कार्यक्रम में मानसरोवर स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। मंच संचालन आचार्य अनिल झा ने किया। आयोजन समिति के अनुसार महोत्सव चार दिनों तक चलेगा, जिसमें प्रातः एवं सायंकालीन सत्र आयोजित होंगे तथा रविवार को मंत्र दीक्षा संस्कार होगा, जिसके लिए पूर्व पंजीयन अनिवार्य रखा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित