नयी दिल्ली , अप्रैल 01 -- तेल विपणन कंपनियों ने विमान ईंधन की कीमतों में 115 प्रतिशत की भारी-भरकम बढ़ोतरी के कुछ ही देर बाद घरेलू विमान सेवा कंपनियों को राहत देते हुए उनके लिए सिर्फ आंशिक वृद्धि करने का फैसला किया।
सरकार के स्तर पर हस्तक्षेप के बाद घरेलू एयरलाइंस को यह राहत दी गयी है।
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की वेबसाइट पर बुधवार अल-सुबह बताया गया था कि दिल्ली में 01 अप्रैल से विमान ईंधन की कीमत 96,638 रुपये प्रति किलो लीटर से बढ़ाकर 2,07,341 रुपये प्रति किलो लीटर कर दी गयी थी। दूसरे शहरों में भी लगभग इसी अनुपात में दाम बढ़ाये गये थे।
करीब 115 प्रतिशत की इस भारी वृद्धि से विमान सेवा कंपनियों और हवाई यात्रियों पर भारी बोझ पड़ने की आशंका थी क्योंकि आम तौर पर एयरलाइंस के कुल व्यय में 35-40 प्रतिशत इसी मद में खर्च होता है।
बाद में नागरिक उड्डयन मंत्रालय के हस्तक्षेप के बाद सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों ने घरेलू विमान सेवा कंपनियों के लिए कीमतों में राहत देते हुए उनके लिए दिल्ली में विमान ईंधन की कीमत 1,04,927 रुपये प्रति किलो लीटर कर दी। यह 8.58 प्रतिशत की वृद्धि है।
इसी प्रकार, अब कोलकाता में विमान ईंधन की कीमत 9.90 प्रतिशत बढ़कर 1,09,450 रुपये और मुंबई में 8.62 प्रतिशत बढ़कर 98,247 रुपये प्रति किलो लीटर हो गयी है।
चेन्नई में अब कीमत 1,09,873 रुपये होगी जो मार्च के मुकाबले 9.57 प्रतिशत अधिक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित