ग्वालियर , जनवरी 25 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर के सराफा बाजार में स्थित विमल ज्वेलर्स के संचालक पिता-पुत्र के खिलाफ कोतवाली थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
सूत्रों के अनुसार विमल ज्वेलर्स के संचालक अजीत जैन और विमल जैन पर आरोप है कि दोनों ने वर्ष 2012 से 2016 के बीच तीन लोगों से कुल 16 लाख रुपए उधार लिए, लेकिन न तो मूल राशि लौटाई और न ही ब्याज का भुगतान किया।
ग्वालियर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि विमल ज्वेलर्स के के संचालक पिता-पुत्र अजीत जैन और विमल जैन के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि शुरुआत में व्यापारिक जरूरत बताकर 9 जुलाई 2012 को लालमणि प्रसाद जैन से 3 लाख रुपए चेक के जरिए लिए गए। जून 2013 तक नियमित ब्याज दिया गया, जिससे विश्वास और गहरा हुआ। इसके बाद शारदा जैन की बहन शशि जैन और भतीजी-बहू प्रियंका जैन से भी अलग-अलग समय पर रुपए लिए गए। कुछ समय तक ब्याज दिया गया, लेकिन बाद में भुगतान पूरी तरह बंद कर दिया गया। आरोप है कि नवंबर 2020 में आरोपियों ने "फाइनल सेटलमेंट" का भरोसा देकर पीड़ितों से फोटो, आधार और पैन कार्ड जैसे दस्तावेज ले लिए। इसके बाद 21 दिसंबर 2020 को उनके नाम से फर्जी शपथ पत्र तैयार कर लिया गया। जब रुपए मांगे गए तो इसी शपथ पत्र के जरिए भुगतान हो जाने का दावा किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित