चंडीगढ़ , मार्च 07 -- बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के गौरवशाली 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आठ मार्च को हरियाणा के सिरसा स्थित चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा।

एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण, उनके अधिकारों और समाज में उनके महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित किया जाएगा।

प्रवक्ता के अनुसार अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के सम्मान, समानता और सशक्तिकरण का प्रतीक है। समारोह के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा।

इसके अलावा कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी भी साझा की जाएगी, ताकि महिलाओं को अपने अधिकारों और उपलब्ध अवसरों के प्रति जागरूक किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित