पटना , दिसंबर 19 -- बिहार के पथ निर्माण मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने अधिकारियों को निर्देश देते हुये शुक्रवार को कहा कि विभाग कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं और इनके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डॉ. जायसवाल ने आज विभागीय योजनाओं की समीक्षा की। समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री डॉ. जायसवाल को प्रस्तुतीकरण के माध्यम से आगामी वर्षों में लिये प्रस्तावित भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की महत्वपूर्ण योजनाएँ सहित महत्वपूर्ण विभागीय योजनाओं की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया गया है।
समीक्षा बैठक के दौरान बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीएसआरडीसीएल) के योजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की गई।
मंत्री डॉ. जायसवाल ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए कार्यों को तेज गति से पूरा करना होगा। इसके लिए हर जरूरी कदम उठाएं और इस मामले में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री डॉ. जायसवाल को इसके बाद बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के अधीन क्रियान्वित मेगा परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया गया है।
मंत्री ने परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे आम जनता को शीघ्र लाभ मिलेगा और राज्य का इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होगा। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों की प्रगति की चर्चा करते हुए निर्माण में आ रही किसी भी बाधा को शीघ्र दूर करने का आदेश दिया। साथ ही, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (केंद्र) से लंबित मामलों में बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।
मंत्री ने सभी अधिकारियों को निदेशित किया कि सभी कार्य पूर्ण पारदर्शिता, उच्च गुणवत्ता और तेज रफ्तार से किए जाएं। विभाग की योजनाओं से आमजन को तुरंत फायदा पहुंचे। उन्होंने कहा कि ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे और अन्य बड़ी परियोजनाएं राज्य को नई उंचाइयों पर ले जाएंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित