नयी दिल्ली , अप्रैल 16 -- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने मोदी सरकार पर संसदीय परंपराओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा है कि विपक्षी दलों ने राज्यसभा के उपसभापति पद के लिए शुक्रवार को होने वाले चुनाव का बहिष्कार करने का फैसला किया है।
श्री रमेश ने गुरूवार को अपने 'एक्स' अकाउंट पर जानकारी साझा करते हुए इस निर्णय के पीछे तीन मुख्य कारण बताए। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पिछले सात वर्षों से लोकसभा में उपाध्यक्ष की नियुक्ति नहीं की है, जो कि अभूतपूर्व है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि दूसरा कारण यह है कि श्री हरिवंश का दूसरा कार्यकाल नौ अप्रैल को समाप्त होने के ठीक एक दिन बाद उन्हें राष्ट्रपति द्वारा राज्यसभा सदस्य मनोनीत किया गया और अब वे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंध (राजग) की ओर से तीसरे कार्यकाल के लिए उपसभापति पद के उम्मीदवार हैं। उन्होंने कहा कि आज से पहले राष्ट्रपति द्वारा मनोनीत किसी सदस्य को इस पद के लिए विचार नहीं किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित