गोण्डा , फरवरी 8 -- उत्तर प्रदेश के कबीना मंत्री एवं गोण्डा जिले के प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान ने केंद्रीय बजट को लेकर विपक्ष के बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि विपक्ष मुद्दाविहीन हो चुका है और आमजन को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है। रविवार को सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत में उन्होंने नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी।
श्री चौहान ने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए के नाम पर केवल सियासी नाटक कर रही है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछड़ों के सबसे लोकप्रिय नेता हैं और गरीब परिवार से निकलकर तीसरी बार देश का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने ट्रेड डील को लेकर किसानों के नुकसान संबंधी विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि टैरिफ 50 प्रतिशत से काफी कम हुआ है, जिससे किसानों को लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि संसद में विपक्ष के पास ठोस मुद्दे नहीं हैं। केंद्रीय बजट को सभी वर्गों के लिए हितकारी बताते हुए श्री चौहान ने कहा कि यह बजट देश के समग्र विकास को गति देगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित