अहमदाबाद , दिसंबर 28 -- केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को यहां कहा कि विपक्ष के नेता को अभी हार से थकना नहीं है, क्योंकि यह तय मानिए कि उनका बंगाल और तमिलनाडु में हारना बाकी है।

श्री शाह ने कहा, " 2029 में भी नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ही हमारी सरकार बनेगी। इसका कारण हमारी पार्टी के सिद्धांत हैं, जिनसे जनता जुड़ी है, जैसे हमने राममंदिर बनाएँ, पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक किये, एयर स्ट्राइक किये, बंगलादेशी घुसपैठियों को भगाएँ, काशी का मंदिर नया बनाएँ, धारा 370 हटाएँ, ट्रिपल तलाक समाप्त किये या समान नागरिक संहिता लाएँ, आप हर बात का विरोध करते हैं। "उन्होंने कहा कि जनता को जो पसंद है, उसका विपक्ष विरोध कर रहे हैं, ऐसे में आपको वोट कहाँ से मिलेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें संतोष है कि श्री मोदी ने जो कार्य संस्कृति शुरू की, विकास की राजनीति प्रारंभ की और संवेदनशील जनप्रतिनिधियों की परंपरा स्थापित की, उसका गुजरात में सुंदर ढंग से अनुसरण हो रहा है।

केन्द्रीय गृह ने आज गुजरात अहमदाबाद में नवा वणझर गाँव के 205 परिवारों को भूमि आवंटन के प्रमाण-पत्र वितरित किए। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज वणझर गांव में एक छोटा लेकिन अत्यंत महत्वपूर्ण प्रसंग घटित हुआ है। उन्होंने कहा कि विस्थापितों को विपक्षी पार्टी की सरकार ने अस्थायी तौर पर बसाकर भविष्य के भरोसे छोड़ दिया था, लेकिन हमारी सरकार ने ढूँढकर पट्टा देने का काम किया है।

श्री शाह ने कहा कि विकास के साथ गाँव तो शहर में बदल गए, लेकिन इन शहरों के समग्र समाधान के लिए बड़ा बजट और लंबा समय आवश्यक था। ऐसे में अहमदाबाद के नौ वार्डों गोता, चांदलोडिया, बोडकदेव, घाटलोडिया, जोधपुर, मकरपुरा, सरखेज, वेजलपुर और थलतेज में रहने वाले लगभग 15 लाख लोगों तथा 4500 कॉलोनियों में गटर/सीवेज पानी की निकासी व्यवस्था की गई। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट योजना पूरी होने पर कुल लगभग 400 करोड़ रुपये का खर्च होगा और यह भी लंबे समय से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान सिद्ध होगा।

उन्होंने कहा कि लोकसभा में चर्चा के दौरान विपक्ष के नेता ने एक विचित्र सवाल किया "हर बार हम ही चुनाव क्यों हार जाते हैं।" उन्होंने कहा कि वह विपक्ष के नेता से विनती करते हैं कि वह इन दो कार्यक्रम के बारे में समझ लें तो उन्हें पता चल जाएगा कि हर बार वे चुनाव क्यों हार जाते हैं। उन्होंने कहा कि जिन्हें विपक्षी पार्टी की सरकार ने अस्थायी तौर पर बसाकर भविष्य के भरोसे छोड़े दिया था, उनको ढूँढकर पट्टा देने का काम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी पार्टी ने किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित