पटना , फरवरी 06 -- बिहार जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष श्रीमती राबड़ी देवी के आरोपों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शुक्रवार को कहा कि विपक्ष का चुनाव परिणामों पर अविश्वास प्रकट करना दुर्भाग्यपूर्ण है तथा चुनावी प्रक्रिया पर आधारहीन आरोप मढ़ना सीधे जनादेश का अपमान है।
श्री कुशवाहा ने बयान जारी कर कहा कि लगातार चुनावों में जनता से नकारे जाने के बाद भी अपनी कमियों पर आत्ममंथन करने के बजाय बार-बार चुनाव आयोग पर हार का ठीकरा फोड़ना विपक्ष की राजनीतिक गंभीरता और परिपक्वता पर गहरे प्रश्नचिह्न खड़े करता है।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चुनावी जनादेश पर प्रश्न उठाने से पूर्व राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को अपने अतीत की ओर भी देखना चाहिए। वह दौर अभी भी लोगों की स्मृतियों में ताजा है, जब चुनावों के दौरान बूथ और बैलेट की लूट आम बात हुआ करती थी और लोकतांत्रिक मूल्यों का खुलेआम गला घोंटा जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता की लालसा में राजद ने बिहार की छवि को पूरी दुनिया में कलंकित किया तथा लोकतंत्र की गरिमा को दांव पर लगा दिया।
श्री कुशवाहा ने कहा कि बिहार की जनता ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुशासन नीति और विकास कार्यों पर विश्वास जताते हुए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को प्रचंड जनादेश दिया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को जनादेश का सम्मान एवं स्वीकार करना सीखना चाहिए, अन्यथा बिहार की जनता उन्हें भविष्य में उनके लिए विपक्ष की भूमिका निभाने लायक भी नहीं छोड़ेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित