हरिद्वार , जनवरी 21 -- उत्तराखंड में जारी कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बीच सरकार राहत और बचाव के मोर्चे पर पूरी तरह सक्रिय नजर आ रही है। इसी क्रम में राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री विनय रोहिला मंगलवार देर रात रुड़की क्षेत्र पहुंचे और रैन बसेरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
औचक दौरे के दौरान श्री रोहिला ने नए पुल क्षेत्र और रुड़की रेलवे स्टेशन पर ठंड से जूझ रहे गरीब, बेसहारा और जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए। उन्होंने अलाव की व्यवस्थाओं की भी जांच की और संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि ठंड से बचाव के सभी इंतजाम सुचारु रूप से संचालित हों।
निरीक्षण के दौरान राज्य मंत्री ने कहा कि शीतलहर के कारण किसी भी व्यक्ति को परेशानी न हो, यह राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देश हैं कि आपदा प्रबंधन से जुड़ी सभी एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ कार्य करें और राहत अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित