जयपुर , जनवरी 27 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास पर बजट सत्र को लेकर भाजपा विधायक दल की बैठक ली और इस दौरान उन्होंने विधायकों के साथ फ्लोर मैनेजमेंट के संबंध में व्यापक चर्चा करते हुए उन्हें सदन के अंदर सक्रियता के साथ सरकार का पक्ष मजबूती से रखने के निर्देश दिए।

बैठक में श्री शर्मा ने कहा कि बुधवार को शुरू होने जा रहा बजट सत्र महत्वपूर्ण है। इस दौरान राज्य सरकार अपना समावेशी और सर्वस्पर्शी बजट पेश करेगी। यह जन आंकाक्षाओं का प्रतिबिंब होगा और प्रदेश के विकास को नई गति देगा। उन्होंने विधायकों से कहा कि वे राज्य सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों को प्रमुखता से सदन में उठाएं।

उन्होंने कहा कि विधायक सदन के अंदर अधिक से अधिक समय तक मौजूद रहें। विधानसभा के नियम-प्रक्रियाओं का समुचित अध्ययन कर विभिन्न विषयों और मुद्दों पर सरकार का पक्ष मजबूती से रखें। मंत्रिगण विपक्ष के सवालों का माकूल और करारा जवाब दें। उन्होंने कहा कि सत्र के दौरान विपक्षी विधायक भ्रामक आरोप और तथ्यहीन आरोप लगाएंगे, जिनका हमें गंभीरता से तथ्यात्मक जवाब देना है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने पक्ष और विपक्ष के विधायकों को प्रदेश के विकास के लिए सदन में भेजा है। जनप्रतिनिधि का दायित्व है कि वे आमजन से जुड़े मुद्दों को सकारात्मक भाव से सदन के भीतर उठाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता से किए गए वादों को प्रतिबद्धता के साथ पूरा कर रही है। दो वर्ष के कार्यकाल में हमने कई क्षेत्रों में रिफॉर्म कर बेहतरीन परफॉर्म किया है। कांग्रेस के पास पांच साल बनाम दो वर्ष की उपलब्धियों का कोई जवाब नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पानी जैसी बुनियादी प्राथमिकता को ध्यान में रखते हुए राम जलसेतु परियोजना, यमुना जल समझौता, देवास परियोजना जैसे निर्णय लिए गए हैं। बिजली की पर्याप्त और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। आज प्रदेश के 22 जिलों के किसानों को दिन में बिजली दी जा रही है। कानून व्यवस्था में सुधार से लेकर युवाओं को रोजगार में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने अब तक एक लाख से अधिक सरकारी नियुक्तियां दी है। साथ ही एक लाख 54 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष के लिए भी एक लाख भर्तियों का कैलेंडर जारी किया जा चुका है।

श्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने बजट घोषणाओं को तेजी से धरातल पर उतारा है वहीं दो वर्ष के कार्यकाल में संकल्प पत्र के 70 प्रतिशत से अधिक वादे पूरे किए हैं। राइजिंग राजस्थान समिट के दौरान किए गए 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू में से लगभग 8 करोड़ के एमओयू धरातल पर उतर चुके हैं। औद्योगिक निवेश और सरकार के निर्णयों से किसान, युवा, महिला तथा युवा सहित सभी वर्ग खुशहाल है।

विधायक दल की बैठक में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डॉ प्रेमचंद बैरवा, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग सहित भाजपा विधायक मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित