शिवपुरी , दिसंबर 14 -- मध्यप्रदेश में शिवपुरी जिले के पोहरी विधायक कैलाश कुशवाहा को जान से मारने की धमकी देने वाले कुख्यात बदमाश प्रभात रावत पर जिला प्रशासन ने राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस सूत्रों ने शनिवार शाम यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार कुख्यात बदमाश प्रभात रावत के खिलाफ पूर्व से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल ही में उसने पोहरी के कांग्रेस विधायक कैलाश कुशवाहा को फोन पर जान से मारने की धमकी दी थी, जिस पर पुलिस ने उसके विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू की थी। इसके बाद आरोपी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस की अनुशंसा पर जिला कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी शिवपुरी रविंद्र कुमार चौधरी ने प्रभात रावत पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम लगाने का आदेश जारी किया है। प्रशासन का मानना है कि आरोपी को खुला छोड़ने पर वह राज्य में फिर से आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे सकता है, इसलिए उसे जेल में ही निरुद्ध रखा जाना आवश्यक है। फिलहाल कुख्यात आरोपी प्रभात रावत जेल में निरुद्ध है और एनएसए के तहत उस पर आगे की कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित