चंडीगढ़ , अप्रैल 29 -- हरियाणा विधान सभा की ओर से विधायकों के लिए 30 अप्रैल को एक विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की जाएगी। यह कार्यशाला सेक्टर-3 स्थित हरियाणा निवास में होगी, जिसका विषय 'संसदीय समितियां, सदस्यों की भूमिका' निर्धारित किया गया है।

कार्यशाला का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण करेंगे। इस अवसर पर विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा भी उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम में विशेषज्ञ वक्ता के रूप में राज्यसभा के पूर्व सांसद डॉ. विनय सहस्रबुद्धे, हिपा के महानिदेशक मनोज यादव, लोकसभा सचिवालय के संयुक्त सचिव धीरज कुमार, प्राइड के निदेशक राज कुमार तथा लोकसभा सचिवालय की निदेशक भारती संजीव टुटेजा शामिल होंगे।

कार्यशाला में विधायकों को संसदीय समितियों की कार्यप्रणाली, दायित्वों और प्रभावी भूमिका के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित