नयी दिल्ली , अप्रैल 23 -- महाराष्ट्र विधान सभा की दो और गुजरात विधान सभा की एक सीट के लिए गुरुवार को हुए उप चुनाव में 55 से 59 प्रतिशत तक मतदान हुआ। महाराष्ट्र की बारामती विधान सभा सीट के उप चुनाव में 57.48 प्रतिशत तथा राहुरी सीट उप चुनाव में 55.31 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

गुजरात की उमरेठ सीट के उप चुनाव में 59.03 प्रतिशत मतदान हुआ।

बारामती सीट का उप चुनाव राज्य के तत्कालीन उप मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष अजीत पवार के निधन के कारण कराया गया। इस सीट पर उनकी पत्नी एवं राज्य की उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार मैदान में हैं। प्रमुख विपक्षी दलों ने उनके खिलाफ कोई उम्मीदवार नहीं खड़ा किया है लेकिन कुछ निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

इन उप चुनावों की मतगणना चार मई को होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित