जयपुर , जनवरी 20 -- आगामी 28 जनवरी से शुरू होने वाले राजस्थान विधानसभा के पंचम सत्र के दौरान प्राप्त होने वाले तारांकित एवं अतारांकित प्रश्नों सहित ध्यानाकर्षण, विशेष उल्लेख एवं अन्य प्रस्तावों के समयबद्ध एवं समुचित प्रत्युत्तर भिजवाने के लिए जिला कलेक्ट्रेट में नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गयी है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार नियंत्रण कक्ष कार्य दिवसों के साथ-साथ राजकीय अवकाश के दिनों में भी प्रातः आठ बजे से रात 10 बजे तक दो पारियों में संचालित किया जाएगा। अतिरिक्त जिला कलेक्टर (पूर्व) नरेन्द्र कुमार वर्मा को नियंत्रण कक्ष का प्रभारी अधिकारी तथा संस्थापन अधिकारी बाबूलाल मीणा को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। नियंत्रण कक्ष के सुचारू संचालन के लिए 12 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगायी गयी है।
नियंत्रण कक्ष को प्राप्त होने वाले विधानसभा प्रश्नों, ध्यानाकर्षण अथवा विशेष उल्लेख प्रस्तावों को रजिस्टर में दर्ज कर तत्काल संबंधित शाखा को प्रेषित किया जाएगा। संबंधित शाखा प्रभारी द्वारा निर्धारित समय में उत्तर तैयार कर नियंत्रण कक्ष प्रभारी को अवगत कराया जाएगा, जिससे उत्तर समय पर विधानसभा को प्रेषित किये जा सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित