रायपुर , फरवरी 27 -- छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के पांचवें दिन आज सदन की कार्यवाही प्रश्नकाल से प्रारंभ हुई । विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों पर सदस्यों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब संबंधित मंत्री दे रहे हैं, जिससे कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हो रही है।
आज की कार्यवाही में मंत्री रामविचार नेताम, ओपी चौधरी और राजेश अग्रवाल अपने-अपने विभागों से जुड़े प्रश्नों का उत्तर देंगे। इसके अतिरिक्त राज्य विद्युत नियामक आयोग, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) तथा गौसेवा आयोग की वार्षिक प्रतिवेदन सदन के पटल पर रखे जाएंगे।
ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 149-बी बायपास के लिए भूमि अधिग्रहण और मुआवजा वितरण से जुड़े मामले पर चर्चा संभावित है। वहीं रामचंद्रपुर स्थित पीएमश्री आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय को परीक्षा केंद्र की सूची से बाहर किए जाने का मुद्दा भी सदन में उठ सकता है।
आज याचिकाओं एवं विभिन्न समितियों की प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किए जाएंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 15 दिसंबर 2025 को पूछे गए प्रश्नों से संबंधित जवाबों पर विशेष वक्तव्य देंगे।
वित्तीय वर्ष 2026-27 के आय-व्ययक प्रस्तावों पर सामान्य चर्चा का क्रम भी जारी रहेगा। साथ ही भिलाई सेक्टर-9 अस्पताल को मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल के रूप में विकसित करने के लिए अशासकीय संकल्प लाया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित