जयपुर , जनवरी 12 -- राष्ट्रीय युवा दिवस पर राजस्थान विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों के युवाओं ने सोमवार को विधानसभा के सदन, भवन और संग्रहालय को देखा, वहीं विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के जन्म दिन के उपलक्ष्य में अस्सी से अधिक लोगों ने रक्तदान किया और 150 से ज्यादा लोगों ने नि:शुल्क मेडिकल जांच कराई।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने युवाओं का आह्वान किया कि वे निरन्तर मेहनत करें, आगे बढ़े और राष्ट्र की प्रगति में सक्रिय भागीदार बने। उन्होंने युवाओं को युवा दिवस की शुभकामनाएं देते हुए युवाओं को नशे की लत से दूर रहने और ओवर स्पीड से वाहन नहीं चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिये कहा। युवाओं ने विधानसभा को देखने का अवसर प्रदान करने के लिए श्री देवनानी का आभार जताया।

श्री देवनानी की पहल पर शुरू किये गये जनदर्शन अभियान के तहत सोमवार को युवा दिवस पर महाविद्यालय शिक्षा के 300 युवाओं ने विधानसभा देखी। राजस्थान विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों में स्नातक अन्तिम वर्ष के युवाओं ने विधान सभा के गुलाबी सदन और ऐतिहासिक भवन को देखकर गौरव का अनुभव किया। युवाओं ने विधान सभा के राजनैतिक आख्यान संग्रहालय को भी देखा। युवाओं ने राज्य के गौरवशाली इतिहास को जाना। विधानसभा अध्यक्ष को युवाओं ने अपने हाथों से बनाए स्वामी विवेकानन्द के चित्र भेंट किये। युवाओं ने श्री देवनानी को जन्म दिन की शुभकामनाएं भी दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित