पटना , दिसम्बर 05 -- बिहार जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने शुक्रवार को कहा कि विधानसभा में पारित द्वितीय अनुपूरक बजट प्रदेश के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा।

श्री कुशवाहा ने आज बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार द्वारा विधानसभा में पारित द्वितीय अनुपूरक बजट बिहार के सर्वांगीण विकास का रोडमैप प्रस्तुत करता है, जो आने वाले दिनों में राज्य की प्रगति का मार्ग प्रशस्त करेगा। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेश के विकास की रफ्तार को नई दिशा, नई ऊर्जा और नई गति देने वाला साबित होगा।

जदयू के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस बजट में महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आधारभूत संरचना जैसी जनहितकारी और विकासोन्मुखी योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है, जो कि इस बात स्पष्ट संकेत है कि नीतीश सरकार सरकार का फोकस समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास के लाभ पहुंचाना है।

श्री कुशवाहा ने कहा कि युवाओं को शिक्षा एवं रोजगार से जोड़ने, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और राज्य की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने के लिए यह बजट अत्यंत निर्णायक है। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए सरकार द्वारा 91,717.1135 करोड़ रुपये की राशि का प्रावधान किया गया है, जो बिहार की प्रगति को गतिशील बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित