जयपुर , अप्रैल 24 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा है कि अब विधानसभा भवन की नियमित रूप से एण्टी सबोटाज जांच कराई जायेगी।
श्री देवनानी ने शुक्रवार को फिर विधानसभा भवन को ईमेल भेजकर बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद यह बात कही। उन्होंने कहा कि इसके लिए विधानसभा सचिवालय से पुलिस सुरक्षा को पत्र भेज दिया गया है। ई मेल के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर एजेंसियां जांच कर रही हैं। उन्होंने बताया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
श्री देवनानी ने बताया कि धमकी के बाद विधानसभा परिसर की चैकिंग एण्टी सबोटाज चैक टीम द्वारा आवश्यक उपकरणों की सहायता से की गई। एण्टी सबोटाज चैक के दौरान विधानसभा परिसर में किसी भी प्रकार का कोई विस्फोटक पदार्थ और आपत्तिजनक वस्तु नहीं पाई गई। श्री देवनानी ने बताया कि पुलिस आयुक्तालय की एण्टी सबोटाज चैक टीम के प्रभारी द्वारा इस संबंध में विधानसभा को प्रमाण-पत्र भी दिया गया है।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियों द्वारा पूरे विधानसभा परिसर की गहन और तकनीकी जांच के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि धमकी पूरी तरह फर्जी थी। किसी भी प्रकार का विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं पाई गई। जांच पूरी होने के बाद विधानसभा सचिवालय के अधिकारी एवं कर्मचारी पुनः अपने कार्यस्थलों पर लौट आए हैं और स्थिति सामान्य हो गई है। उन्होंने बताया कि ई मेल में जो सामग्री लिखी गई है, उसका राजस्थान विधानसभा से कोई संबंध नहीं है। उन्होने कहा कि ईमेल में कुछ असंबंधित और भ्रामक बातें लिखी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित