लखनऊ , फरवरी 7 -- बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने शनिवार को पार्टी की एक अहम बैठक में आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को अभी से पूरी ताकत के साथ जुट जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चुनाव में अब ज्यादा समय नहीं बचा है, ऐसे में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और जनता के बीच सक्रिय रहना बेहद जरूरी है।

मीडिया को संबोधित करते हुए मायावती ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया के चलते हाल के दिनों में पार्टी की गतिविधियां प्रभावित हुई हैं, लेकिन अब सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को पूरी ऊर्जा के साथ चुनावी तैयारी में लग जाना चाहिए। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और निरंतर जनसंपर्क बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

बसपा सुप्रीमो ने विपक्षी दलों पर आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक पार्टियां बसपा के खिलाफ साजिश कर रही हैं और पार्टी को कमजोर करने की कोशिशें हो रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ऐसी साजिशों के प्रति सतर्क रहने और पार्टी की विचारधारा व नीतियों को मजबूती से जनता तक पहुंचाने की अपील की।

मायावती ने मौजूदा संसद के बजट सत्र में पक्ष और विपक्ष के बीच चल रहे गतिरोध को सियासी पार्टियों का "खेला" करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में मौजूद सरकारें जनहित के मुद्दों पर काम करने के बजाय धर्म और जाति की राजनीति को बढ़ावा दे रही हैं, जिससे समाज में विभाजन और नफरत का माहौल बन रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित