चेन्नई , अप्रैल 22 -- तमिलनाडु विधानसभा के लिए गुरुवार को होने वाले मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं।
राज्य में अनुमानित 5.73 करोड़ मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करने के लिए तैयार हैं। राज्य में 75,064 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे मतदान की प्रक्रिया शुरू होगी। मतदाता गुरुवार को 4,000 से अधिक उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। कुल 5.73 करोड़ मतदाताओं में से 2.80 करोड़ पुरुष, 2.93 करोड़ महिलाएं और 7,728 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। राज्य में 18-29 आयु वर्ग में कुल 1.21 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें पहली बार वोट डालने वाले और युवा पीढ़ी के मतदाता शामिल हैं। चौतरफा मुकाबले वाली इस कड़ी चुनावी लड़ाई में यह वर्ग एक निर्णायक कारक साबित होगा।
इस बार चुनाव में 4,023 उम्मीदवार मैदान में हैं जो अब तक रिकॉर्ड है। इनमें 443 महिलाएं भी शामिल हैं, जो अब तक की सबसे अधिक संख्या है।निर्वाचन आयोग ने मतदान के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है और मतदाताओं के लिए सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। सभी बूथों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और पूरी मतदान प्रक्रिया की निगरानी की जाएगी तथा उसका सीधा प्रसारण (लाइव स्ट्रीम) किया जाएगा। कुल 75,064 मतदान केंद्रों में से 5,949 बूथों को संवेदनशील और अति-संवेदनशील के रूप में चिह्नित किया गया है। इनमें जिनमें चेन्नई के 4,085 बूथ शामिल हैं। इन बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी (जिनमें सशस्त्र केंद्रीय अर्धसैनिक बल भी शामिल हैं) तैनात किए जाएंगे।
इसके अलावा, सुरक्षा के लिए केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की लगभग 300 कंपनियों को भी लगाया गया है और उन्हें पूरे राज्य भर में विभिन्न मतदान केंद्रों पर तैनात किया गया है। कुल मिलाकर सुरक्षा व्यवस्था के तहत राज्य के लगभग 1.50 लाख पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। इनमें 1.18 लाख नियमित पुलिसकर्मी, तथा 20,000 कर्मी रैपिड एक्शन फोर्स, होम गार्ड, सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों और पूर्व सैनिकों में से शामिल हैं। मतदान के बाद, ईवीए सील करके मतगणना केंद्रों के 'स्ट्रॉन्ग रूम' में ले जाया जाएगा, जहाँ 24 घंटे सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। वोटों की गिनती चार मई को होगी।
तमिलनाडु की मुख्य चुनाव अधिकारी अर्चना पटनायक ने बुधवार को पत्रकारों से बात करते हुए वोटरों की सुविधा के लिए किए गए विभिन्न इंतज़ामों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि वोटिंग के लिए कुल 1,06,480 ईवीएम का इस्तेमाल किया जाएगा। कुल 75,064 पोलिंग बूथ में से 5,949 बूथ को 'संवेदनशील' के तौर पर पहचाना गया है, और इन बूथों पर सुरक्षा के अतिरिक्त इंतज़ाम किए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित