नयी दिल्ली , अप्रैल 07 -- दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने अधिकारियों से कहा कि विधान सभा की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है।

श्री विजेंद्र गुप्ता ने आज अपने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में विधानसभा परिसर में हुई सुरक्षा चूक को गंभीर बताते हुए कहा कि कम समय में घटी इस घटना ने, जिसमें अध्यक्ष के वाहन सहित आधिकारिक आवाजाही प्रभावित हुई, सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता को स्पष्ट किया है। श्री गुप्ता ने सभी प्रवेश द्वारों पर हाइड्रोलिक रोड ब्लॉकर्स लगाने, प्रवेश नियंत्रण व्यवस्था को सुदृढ़ करने और परिसर के भीतर अधिक प्रभावी एवं त्वरित प्रतिक्रिया देने वाली सुरक्षा व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए।

विधानसभा अध्यक्ष ने आरोपी की पहचान करने और उसे तुरंत गिरफ्तार करने में दिल्ली पुलिस की त्वरित और निर्णायक कार्रवाई की सराहना की।उन्होंने कहा कि तैयारी के साथ-साथ जवाबदेही भी जरूरी है। उन्होंने सी.आर.पी.एफ. और दिल्ली पुलिस के बीच एक एकीकृत कमान (सिंगल पॉइंट ऑफ अथॉरिटी) बनाने पर जोर दिया ताकि आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई हो सके। उन्होंने सभी एजेंसियों को रीयल-टाइम में सूचना साझा करने का निर्देश दिया।

प्रवेश व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर देते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि सभी प्रवेश और निकास द्वारों पर सख्त नियंत्रण, बेहतर निगरानी और मजबूत बुनियादी ढांचा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गेट पर दिल्ली पुलिस/सीआरपीएफ के कम से कम दो प्रशिक्षित कर्मियों की तैनाती हो, जिन्हें आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाएं और उनकी जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से तय हों, ताकि समन्वित सतर्कता बनी रहे।अध्यक्ष ने स्पष्ट निर्देश दिया कि बिना उचित सुरक्षा जांच और अनुमति के किसी भी वाहन को किसी भी स्थिति में परिसर में प्रवेश न दिया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित