राजनांदगांव , दिसम्बर 05 -- छत्तीसगढ़ की षष्ठम विधानसभा का सप्तम सत्र 14 से 17 दिसम्बर 2025 तक आयोजित किया जाएगा।
विधानसभा सत्र की सुचारू कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने जिले के सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि सत्र अवधि के दौरान प्राप्त होने वाले विधानसभा प्रश्न, ध्यानाकर्षण सूचनाएं और स्थगन प्रस्तावों की जानकारी निर्धारित समय-सीमा में भेजना अनिवार्य है। इसको ध्यान में रखते हुए सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को पूर्व अनुमति के बिना अवकाश पर न जाने तथा मुख्यालय से बाहर नहीं रहने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को अपने कार्यालय में एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति करने के साथ ही उसके नाम, पदनाम, दूरभाष एवं मोबाइल नंबर की जानकारी तुरंत कलेक्टर कार्यालय को भेजने के लिए कहा है। इसके अलावा, कार्यालयीन दिनों के साथ-साथ अवकाश के दिनों में भी पर्याप्त संख्या में लिपिक एवं भृत्य की ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि सत्र से संबंधित सभी कार्य समय पर निपटाए जा सकें।
कलेक्टर ने कहा कि विधानसभा सत्र प्रशासनिक सतर्कता और त्वरित उत्तरदायित्व का समय होता है, ऐसे में सभी अधिकारियों से पूर्ण सहयोग अपेक्षित है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित